ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: चंधासी कोयला मंडी में यातायात पुलिस का बड़ा अभियान, नो पार्किंग में खड़े 168 वाहनों पर कार्रवाई, लगा 5.34 लाख का जुर्माना

चंदौली। यातायात पुलिस ने चंधासी कोयला मंडी क्षेत्र में अवैध पार्किंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नो-पार्किंग में खड़े 168 वाहनों का चालान किया। इस कार्रवाई के दौरान कुल 5 लाख 34 हजार रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया। यातायात पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चालकों और ट्रांसपोर्ट संचालकों में हड़कंप मच गया।

 

पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में जनपद में सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में यातायात पुलिस टीम ने चंधासी कोयला मंडी क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। पुलिस को लगातार शिकायत मिल रही थी कि सड़क किनारे भारी और हल्के वाहन खड़े किए जाने से यातायात बाधित हो रहा है और जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है।

अभियान के दौरान पुलिस टीम ने सबसे पहले लाउडस्पीकर के माध्यम से वाहन चालकों और स्वामियों को चेतावनी दी। उन्हें निर्देशित किया गया कि वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। पुलिस ने बताया कि सड़क पर अवैध पार्किंग न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि इससे सड़क दुर्घटनाओं की संभावना भी बढ़ जाती है।

 

इसके बावजूद कई वाहन चालक चेतावनी के बाद भी अपने वाहन नहीं हटाए। इसके बाद यातायात पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए भारी और हल्के वाहनों के खिलाफ ई-चालान की कार्रवाई शुरू की। अभियान के दौरान कुल 168 वाहनों का चालान किया गया और 5.34 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।

 

यातायात पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक मार्गों पर अवैध पार्किंग और यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और अपने वाहन निर्धारित स्थानों पर ही खड़े करें, ताकि सड़क पर आवागमन सुचारु बना रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!