
चंदौली। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बुधवार को थाना कंदवा का वार्षिक निरीक्षण कर कानून-व्यवस्था और पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर, कार्यालय, हवालात, महिला हेल्प डेस्क, मालखाना, शस्त्रागार, बैरक, मेस और सीसीटीएनएस कक्ष का निरीक्षण किया। एसपी ने संबंधित पुलिसकर्मियों को व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने और अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने जनसुनवाई, आगंतुक, अपराध, त्योहार, भूमि विवाद और बीट सूचना रजिस्टर समेत विभिन्न अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने सभी रिकॉर्ड को व्यवस्थित और नियमित रूप से अपडेट करने को कहा। थाने पर आने वाले फरियादियों की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर सुनकर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

एसपी ने लंबित विवेचनाओं और प्रार्थना पत्रों के शीघ्र निस्तारण पर जोर देते हुए अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस अधिकारियों को सक्रिय रहने को कहा। सीसीटीएनएस कक्ष के निरीक्षण के दौरान ऑनलाइन प्रविष्टियों और डाटा एंट्री को नियमित रूप से अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए।
थाने में अभियोगों से संबंधित माल और सीज वाहनों के रखरखाव की भी जानकारी ली गई। एसपी ने जब्त सामान और वाहनों को व्यवस्थित रखने तथा न्यायालय के आदेशों के अनुसार नियमानुसार विधिक निस्तारण कराने को कहा। जवानों की बैरक और मेस का निरीक्षण कर साफ-सफाई तथा भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।

कानून-व्यवस्था को लेकर एसपी ने थाना प्रभारी को रात्रि गश्त और वाहन चेकिंग प्रभावी ढंग से संचालित करने, वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी में तेजी लाने और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने को कहा। आगामी पर्वों के मद्देनजर संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश भी दिए।
महिला एवं बालिकाओं से संबंधित शिकायतों पर त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई तथा महिला हेल्प डेस्क को प्रभावी बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। इस दौरान एसपी ने ग्राम चौकीदारों के साथ बैठक कर उन्हें अंगवस्त्र वितरित किए और गांवों में होने वाली छोटी-बड़ी घटनाओं तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा।


