ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: भैंसउर विद्यालय से शुरू हुई स्वच्छता मुहिम, 11 युवाओं की टीम संभालेगी सार्वजनिक स्थलों की सफाई की कमान

चंदौली। सैयदराजा के पूर्व विधायक एवं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव मनोज सिंह डब्लू ने सार्वजनिक स्थलों की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से बरहनी ब्लॉक में नई पहल शुरू की है। बुधवार को भैंसउर गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में सफाई अभियान के साथ इस मुहिम की शुरुआत की गई। इस दौरान उन्होंने विद्यालय का निरीक्षण किया तो बच्चों के इस्तेमाल के लिए बने शौचालय की स्थिति बेहद खराब मिली। इसके बाद शौचालय की साफ-सफाई कराकर उसे बच्चों के उपयोग के योग्य बनाया गया।

 

पूर्व विधायक ने इस अभियान को आगे बढ़ाने के लिए 11 युवाओं की टीम गठित की है, जिसे ‘मैं हूं मनोज’ नाम दिया गया है। टीम के सदस्यों को बरहनी ब्लॉक क्षेत्र में सार्वजनिक स्थलों की सफाई की जिम्मेदारी दी गई है। किसी स्थान पर गंदगी की शिकायत या सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंचकर सफाई का कार्य करेगी।

मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि यह अभियान जन शिकायतों और जन सरोकारों को ध्यान में रखकर शुरू किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को लेकर सरकारी तंत्र अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखा रहा है। उनका दावा है कि गांवों में तैनात सफाईकर्मियों को मूल जिम्मेदारियों से हटाकर अन्य कार्यों में लगाए जाने के कारण सार्वजनिक स्थानों पर सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

 

उन्होंने बताया कि ‘मैं हूं मनोज’ टीम फिलहाल बरहनी ब्लॉक में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर संचालित होगी। अभियान के सकारात्मक परिणाम मिलने पर इसे अन्य ब्लॉकों में भी विस्तार देने की योजना है। इसका उद्देश्य सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के साथ लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।

 

पूर्व विधायक ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी विभागों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सरकार पर स्वच्छता अभियान के नाम पर केवल दावे और बयानबाजी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर व्यवस्था में सुधार की जरूरत है।

 

Back to top button
error: Content is protected !!