
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के बलुआ रामघाट पर गंगा स्नान के दौरान एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में डूबने से मौत हो गई। रविवार को युवक का शव पुल के नीचे उतराया मिलने के बाद क्षेत्र में शोक और सनसनी फैल गई। परिजनों ने घटना को लेकर अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है।
रामगढ़ निवासी मुन्ना खरवार का इकलौता पुत्र शुभम खरवार शनिवार सुबह घर से गाजीपुर जाने की बात कहकर निकला था। दोपहर में वह बलुआ रामघाट पहुंचा, जहां स्नान करते समय गहरे पानी में डूब गया। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद बलुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच और खोजबीन में जुट गई।
घाट किनारे खड़ी मोटरसाइकिल के नंबर के आधार पर युवक की पहचान शुभम खरवार के रूप में हुई। सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों ने घाट पर मिले कपड़े, जूते और बाइक देखकर उसकी पहचान की। मृतक के पिता मुन्ना खरवार ने बताया कि शुभम की एक युवती से लंबे समय से बातचीत होती थी। वहीं कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने घटना के समय शुभम के साथ दो युवतियों के मौजूद होने की बात कही है।
परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर मामले की गहराई से जांच कराने और हर पहलू की पड़ताल करने की मांग की है। घटना के बाद स्थानीय गोताखोरों और पुलिस टीम ने देर शाम तक युवक की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। रविवार सुबह दोबारा खोजबीन के दौरान पुल के नीचे शुभम का शव उतराया मिला। स्थानीय मल्लाहों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

