
चंदौली। शहाबगंज थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि अधेड़ गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा चकिया-चंदौली मार्ग पर मचवल गांव के समीप हुआ, जहां अनियंत्रित ऑटो सड़क किनारे यूकेलिप्टस के पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
शहाबगंज क्षेत्र के सेमरा गांव निवासी 21 वर्षीय रोहन विश्वकर्मा अपने पड़ोसी चंदन पासवान के बच्चे को इलाज के लिए चंदौली अस्पताल लेकर गए थे। इलाज के बाद लौटते समय वह चंदौली से शहाबगंज की ओर जा रहे सवारी ऑटो संख्या यूपी 67 बीटी 1746 में बैठकर घर वापस आ रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मचवल गांव के पास सामने से आ रहे मिट्टी लदे डंपर के सामने एक बाइक सवार अचानक ओवरटेक करने लगा। बाइक को बचाने के प्रयास में ऑटो चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और ऑटो सीधे सड़क किनारे खड़े यूकेलिप्टस के पेड़ से टकरा गया।
हादसे में रोहन विश्वकर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सकलडीहा थाना क्षेत्र के तेनुअट गांव निवासी 59 वर्षीय राजकुमार गौतम गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया गया कि राजकुमार अपनी बेटी के घर सेमरा गांव जा रहे थे। हादसे के बाद ऑटो चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायल वृद्ध को एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। रोहन विश्वकर्मा तीन भाइयों में सबसे छोटे थे और बाइक मरम्मत का काम करते थे। उनकी असमय मौत से परिवारवालों को गहरा सदमा लगा है।
शहाबगंज थाने के उप निरीक्षक प्रभु नाथ यादव ने बताया कि क्षतिग्रस्त ऑटो को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

