ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: चंदौली में भीषण गर्मी के साथ लू का खतरा, 15 जून तक बंद रहेंगे आंगनबाड़ी केंद्र

चंदौली। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को 15 जून 2026 तक बंद रखने का निर्णय लिया है। जिला कार्यक्रम अधिकारी राजकपूर ने बताया कि 23 मई से लागू यह आदेश जनपद के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर प्रभावी रहेगा। प्रशासन का कहना है कि छोटे बच्चों को लू और अत्यधिक गर्मी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।

 

अधिकारियों के अनुसार आंगनबाड़ी केंद्र प्रायः प्राथमिक विद्यालयों तथा अन्य सरकारी या अर्ध-सरकारी भवनों में संचालित होते हैं, जहां गर्मी से बचाव के पर्याप्त साधन उपलब्ध नहीं हैं। इन केंद्रों पर आने वाले बच्चे 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के होते हैं, जो अधिक संवेदनशील माने जाते हैं। इसी कारण बच्चों के लिए ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित किया गया है।

 

हालांकि बच्चों की उपस्थिति बंद रहेगी, लेकिन आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नियमित रूप से केंद्रों पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। उन्हें पोषण ट्रैकर पर केंद्र संचालन, आधार सत्यापन, मोबाइल नंबर सत्यापन, ई-केवाईसी, फेस कैप्चर के माध्यम से पुष्टाहार वितरण, बच्चों का वजन, गृह भ्रमण और सामुदायिक गतिविधियों जैसे कार्य जारी रखने होंगे। साथ ही प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित अन्य शासकीय योजनाओं का संचालन भी पूर्ववत किया जाएगा।

 

बाल विकास परियोजना अधिकारियों और मुख्य सेविकाओं को केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने तथा पाक्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने आदेश के पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।

 

इसके अलावा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को अभिभावकों के बीच जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। बच्चों को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक घर से बाहर न निकालने, अधिक मात्रा में तरल पदार्थ देने और लू से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है। कार्यकर्ताओं को ओआरएस तथा नींबू-पानी जैसी जरूरी सामग्री साथ रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

 

Back to top button
error: Content is protected !!