ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: गैलन में नहीं मिलेगा पेट्रोल-डीजल, डीएम ने पेट्रोल पंप संचालकों को दी हिदायत, बिजली आपूर्ति को लेकर सख्त निर्देश

चंदौली। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में विद्युत विभाग, खनन विभाग तथा पेट्रोल पंप संचालकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। डीएम और एसपी ने जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान बिजली आपूर्ति को लेकर सख्त निर्देश दिए। डीएम ने पेट्रोल पंप संचालकों को हिदायत दी कि किसी भी हालत में गैलन में पेट्रोल और डीजल न दिया जाए।

जिलाधिकारी ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में रोस्टर के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिजली कटौती अथवा तकनीकी खराबी से संबंधित शिकायतों का तत्काल समाधान किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे उपभोक्ताओं के फोन रिसीव करें और समस्या की सही जानकारी देकर समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों का केवल कागजी निस्तारण स्वीकार नहीं किया जाएगा। विद्युत संबंधी शिकायतों के लिए टोल फ्री नंबर 1912 तथा मंडलीय कंट्रोल रूम नंबर 9415696764 जारी किया गया है।

 

खनन विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अवैध खनन के खिलाफ सख्त अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद में किसी भी स्थिति में अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके लिए संयुक्त टीम बनाकर नियमित चेकिंग और कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने ओवरलोडिंग, बिना नंबर प्लेट और हाईस्पीड वाहनों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि टोल टैक्स बचाने के लिए लिंक रोड का इस्तेमाल दुर्घटनाओं की बड़ी वजह बन रहा है। ऐसे मामलों में पीडब्ल्यूडी, पुलिस और एनएचएआई संयुक्त अभियान चलाएंगे, जबकि उप जिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी अपने क्षेत्रों में निगरानी रखेंगे।

 

पेट्रोल पंप संचालकों के साथ बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी हालत में गैलन में पेट्रोल या डीजल की बिक्री न की जाए। नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। उन्होंने पेट्रोल पंप मालिकों से स्वयं निगरानी रखने को कहा ताकि कर्मचारी किसी भी प्रकार की अवैध बिक्री न कर सकें। पुलिस अधीक्षक ने थाना और चौकी प्रभारियों को पेट्रोल पंपों की नियमित निगरानी तथा जरूरत पड़ने पर सीसीटीवी फुटेज जांचने के निर्देश दिए। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर, प्रभारी वनाधिकारी शिवशंकर, अपर जिलाधिकारी रतन वर्मा सहित अन्य प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!