ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: रेलवे सिग्नल का केबल काट ले गए, तीन चोर और माल खरीदने वाला गिरफ्तार, 26 मीटर केबल बरामद

चंदौली। सकलडीहा थाना पुलिस ने रेलवे सिग्नल केबल चोरी की घटना का खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों और चोरी का सामान खरीदने वाले एक कबाड़ी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 26 मीटर 12-कोर सिग्नलिंग केबल, घटना में प्रयुक्त हेक्सा ब्लेड, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद केबल की अनुमानित कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई है।

 

पुलिस के अनुसार सकलडीहा रेलवे स्टेशन पर तैनात एसआईएम रामनरायन राय ने 10 अगस्त की रात स्टेशन के बाहर ड्रम में रखा करीब 25 से 30 मीटर 12-कोर सिग्नलिंग केबल चोरी होने की सूचना दी थी। तहरीर के आधार पर सकलडीहा थाने में मुकदमा अपराध संख्या 163/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था।

 

घटना के बाद उच्चाधिकारियों के निर्देशन में थानाध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार निषाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच और चेकिंग अभियान तेज किया। इसी क्रम में 12 अगस्त की रात करीब दो बजे चतुर्भुजपुर बाजार के पास पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) और 317(4) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।

 

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि 10 अगस्त की रात उन्होंने रेलवे स्टेशन के बाहर रखे ड्रम से हेक्सा ब्लेड की मदद से सिग्नल केबल काटकर चोरी की थी। इसके बाद चोरी के केबल को पल्सर मोटरसाइकिल से बेचने के लिए चतुर्भुजपुर निवासी कबाड़ी बनारसी चौहान के पास ले गए थे।

 

गिरफ्तार आरोपियों में दिनेश कुमार राय उर्फ दिलीप, दिलीप राय और रोहित राय, सभी निवासी दिघवट थाना चंदौली, शामिल हैं। इनके अलावा चोरी का माल खरीदने के आरोप में चतुर्भुजपुर निवासी 48 वर्षीय बनारसी चौहान को भी गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार निषाद, उपनिरीक्षक जगदीश यादव, उपनिरीक्षक जयप्रकाश दूबे और कांस्टेबल प्रश्विन दूबे शामिल रहे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!