
चंदौली। जनसेवा केंद्र संचालक से रुपये से भरा बैग लूटने के मामले में चंदौली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 घंटे के भीतर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 2,87,140 रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट डिजायर कार, एक मोटरसाइकिल और सात मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल चार अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए। उनकी तलाश की जा रही है।
कार से आए बदमाशों ने छीना था रुपयों से भरा बैग
पुलिस के मुताबिक, चंदौली के बसिला गांव निवासी तंजीर अहमद जनसेवा केंद्र संचालित करते हैं। उनकी एक शाखा कैली मोड़ ओवरब्रिज के नीचे और दूसरी बबुरी रोड स्थित जेबी पैलेस के पास है। नौ अक्तूबर की रात करीब 10:30 बजे वह दूसरी शाखा से रुपये लेकर अपनी गाड़ी में बैठने जा रहे थे। उनके बैग में ऑनलाइन भुगतान के 2,62,866 रुपये, दुकान के 40 हजार रुपये, दुकान की चाबी और एक्सिस, एचडीएफसी तथा एसबीआई के तीन एटीएम कार्ड थे।
इसी दौरान स्विफ्ट डिजायर कार से पहुंचे बदमाशों ने उनका बैग छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर एक बदमाश ने बंदूक के पिछले हिस्से से उनके सिर पर प्रहार कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गए। घायल संचालक की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
झांसी अंडरपास के पास घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी
घटना के बाद पुलिस की टीमों ने अंतर-थाना समन्वय स्थापित कर चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान 10 अक्तूबर को अलीनगर पुलिस ने झांसी अंडरपास के पास घेराबंदी कर चार आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, भागते समय बदमाशों की कार नहर की पुलिया के पास लोहे के सांकेतिक चिह्न से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसके बाद वे कार छोड़कर पैदल भाग रहे थे।
वाराणसी के रहने वाले हैं गिरफ्तार आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुधांशु यादव (24), निवासी छोटालालपुर, थाना लालपुर पांडेयपुर; पियूष यादव उर्फ बाबू (19), मनीष यादव (25) और अनुज यादव (19), निवासी चौबेपुर क्षेत्र, वाराणसी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने लूट की वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
आठ आरोपियों के शामिल होने की बात आई सामने
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में चार अन्य साथियों के भी घटना में शामिल होने की जानकारी मिली है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है। मामले में चंदौली कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 496/2026 के तहत बीएनएस की धारा 310(2), 351(2) और 317(3) में कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में चंदौली कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विंदेश्वर प्रसाद पांडेय सहित कोतवाली और अलीनगर थाने की पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

