
चंदौली। एसपी आकाश पटेल ने कर्तव्यों के प्रति लापरवाही, अनुशासनहीनता और उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना के आरोप में थाना कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक संजय कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामले को गंभीर मानते हुए उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें पुलिस लाइन चंदौली से संबद्ध किया गया है।
एक आवेदक ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत करते हुए बताया कि 20 मई की शाम करीब चार बजे कुछ अज्ञात लोगों ने उनका मोबाइल फोन झपट लिया था। पीड़ित ने तत्काल पुलिस से संपर्क कर घटना की सूचना दी, लेकिन आरोप है कि संबंधित उपनिरीक्षक संजय कुमार ने मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की। शिकायत के मुताबिक, उन्होंने न तो घटना की जानकारी अपने उच्चाधिकारियों को दी और न ही प्राथमिकी दर्ज कराने की पहल की।
पीड़ित का आरोप है कि उपनिरीक्षक ने उन पर दबाव बनाते हुए कहा कि वह चोरी या छिनैती की बात न करें और केवल मोबाइल गुम होने की रिपोर्ट दर्ज कराएं। इस रवैये को पुलिस विभाग ने गंभीर कदाचार माना है। मामले की जांच के बाद पुलिस अधीक्षक ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उपनिरीक्षक को निलंबित कर दिया।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनता की शिकायतों पर त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी अपने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतता है या विभाग की छवि धूमिल करने का प्रयास करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता और मनमानी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

