
चंदौली। मुगलसराय थाना पुलिस ने मोबाइल छिनैती के मामले में वांछित एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ चोरी और छिनैती समेत कई आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक बबुरी थाना क्षेत्र के भाष्करपुर निवासी रतन सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 24 मार्च 2026 को वह डीआरडीओ की परीक्षा देकर कानपुर से मुगलसराय रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। स्टेशन से पैदल जीटी रोड होते हुए घर जा रहे थे। राज होटल के पास एक युवक मोटरसाइकिल से आया और उनका रियलमी 9आई मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गया। बाद में जांच करने पर पता चला कि मोबाइल में उपलब्ध यूपीआई सुविधा का दुरुपयोग कर उनके बैंक खाते से 6,202 रुपये भी निकाल लिए गए। पीड़ित की तहरीर पर थाना मुगलसराय में बीएनएस की धारा 304(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की जांच के दौरान थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली। इसके आधार पर रेलवे कॉलोनी क्षेत्र के कुढ़ेखुर्द मोड़ के पास से लकी जायसवाल (19 वर्ष), निवासी गल्ला मंडी सुपर मार्केट, थाना मुगलसराय को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिसका आईएमईआई नंबर घटना में छीने गए मोबाइल से मेल खाता था। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) भी बढ़ाई गई।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने राज होटल के सामने से मोबाइल छीना था। उसने मोबाइल में मौजूद यूपीआई सुविधा का उपयोग कर पीड़ित के खाते से धनराशि अपने परिजनों के खाते में स्थानांतरित कर निकाल ली थी। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध वर्ष 2021, 2025 और 2026 में चोरी, छिनैती और अन्य अपराधों के कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। गिरफ्तारी की कार्रवाई थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक विजय राज, कांस्टेबल बन्टी सिंह और आरक्षी अजीत कुमार की टीम ने की।

