ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: जमीन की पैमाइश करने गई पुलिस और राजस्व टीम पर किया था हमला, तीन महिलाओं समेत सात गिरफ्तार

चंदौली। मुगलसराय पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर कराए जा रहे भूमि सीमांकन कार्य में बाधा उत्पन्न करने, पुलिस और राजस्व टीम पर हमला करने तथा सरकारी कार्य में अवरोध डालने के मामले में चार पुरुष और तीन महिलाओं समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सीमांकन कार्य में प्रयुक्त छीनी गई जरीब और महिला आरक्षी का मोबाइल फोन भी बरामद किया है। मामले में अन्य वांछित आरोपियों की तलाश जारी है।

 

पुलिस के अनुसार 27 जून 2026 को इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में ग्राम कबीरपुर स्थित गाटा संख्या-11 की भूमि का सीमांकन राजस्व विभाग और पुलिस की मौजूदगी में किया जा रहा था। इसी दौरान कुछ लोगों ने सीमांकन का विरोध करते हुए सरकारी कार्य में बाधा डाली। आरोप है कि विरोध कर रहे लोगों ने पुलिस एवं राजस्व टीम के साथ अभद्रता की, सीमांकन में प्रयुक्त जरीब छीन ली और अधिकारियों पर ईंट-पत्थर से हमला कर दिया।

 

घटना के दौरान महिला आरक्षी रिंसू सिंह वीडियो रिकॉर्डिंग कर रही थीं। आरोप है कि हमलावरों ने उनके साथ मारपीट कर मोबाइल फोन छीन लिया। पथराव में तीन महिला आरक्षियां घायल हो गईं, जबकि मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कानून-व्यवस्था प्रभावित हुई। राजस्व निरीक्षक वीर बहादुर की तहरीर पर थाना मुगलसराय में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा सीएलए एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों और बरामदगी के आधार पर बीएनएस की धारा 317(2) भी बढ़ाई गई।

 

थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सतीश सोनकर, शिवम सोनकर उर्फ अंशु कुमार, सन्नी सोनकर, सुशील सोनकर, गीता देवी, सोनी देवी और नगीना उर्फ मधु को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान पप्पू सोनकर के कब्जे से सीमांकन कार्य में प्रयुक्त जरीब तथा सोनी देवी के कब्जे से महिला आरक्षी का ओप्पो K-10 मोबाइल फोन बरामद किया गया।

 

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में शिवम सोनकर के विरुद्ध पूर्व से भी आपराधिक मुकदमा दर्ज है। सभी आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है, जबकि घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह सहित उपनिरीक्षक सूरज कुमार, वीरेन्द्र सिंह तथा थाना मुगलसराय की पुलिस टीम की प्रमुख भूमिका रही।

Back to top button
error: Content is protected !!