
चंदौली। शहाबगंज थाना क्षेत्र के पखनपुरा (तकिया) गांव में पुरानी रंजिश को लेकर हुई खूनी मारपीट की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त एक तलवार और एक छूरा भी बरामद किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 26 जून को पखनपुरा (तकिया) गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और धारदार हथियारों से हमला कर दिया गया। इस हमले में तौहीद के पुत्र सरवरे आलम गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि घटना के दौरान आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के संबंध में पीड़ित पक्ष की तहरीर पर थाना शहाबगंज में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1), 110, 118(1) एवं 351(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं थानाध्यक्ष कृपेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मामले की जांच के दौरान रविवार को गोपाई माइनर स्थित यात्री प्रतीक्षालय के पास से दो आरोपियों अब्दुलवारी (49 वर्ष) और जिशान आलम (23 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने पुरानी रंजिश के चलते मारपीट की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक तलवार और एक छूरा भी बरामद किया।
पुलिस ने बरामद हथियारों को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी की और उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया। वहीं, पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है ताकि घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी स्पष्ट हो सके। गिरफ्तारी अभियान में थानाध्यक्ष कृपेन्द्र प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक राजेंद्र नाथ सिंह, हेड कांस्टेबल महेश प्रताप सिंह तथा कांस्टेबल रविरंजन यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

