
चंदौली। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन के डीलक्स शौचालय के पीछे शनिवार शाम करीब 60 वर्षीय अज्ञात महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने शव देख तत्काल कोतवाली पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 112 और कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
मुगलसराय कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि स्टेशन परिसर के पास एक बुजुर्ग महिला का शव लावारिस अवस्था में पड़ा है। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की। स्थानीय लोगों ने बताया कि उक्त महिला पिछले कई दिनों से स्टेशन और सर्कुलेटिंग एरिया के आसपास घूमती देखी जा रही थी, लेकिन उसकी पहचान के संबंध में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला मोर्चरी भिजवा दिया। प्रथम दृष्टया महिला की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।

