fbpx
क्राइमचंदौलीराज्य/जिला

चंदौलीः गांव के बाहर नहर में मिला टेंट व्यवसायी का शव, हत्या की आशंका

चंदौली। सदर कोतवाली क्षेत्र के दिघवट गांव निवासी टेंट व्यवसायी विजय राजभर (32) का शव शनिवार की सुबह गांव के बाहर नहर में मिलने से सनसनी फैल गई। वह शुक्रवार सुबह से ही घर से लापता थे। परिजन पूरी रात तलाश करते रहे लेकिन कहीं पता नहीं चला। सुबह नगर में शव मिलने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पत्नी ने हत्या की आशंका जताई है।

दिघवट निवासी विजय राजभर अपने भाई के साथ टेंट का व्यवसाय करते थे। इस सिलसिले में अक्सर उनका साइट पर आना-जाना लगा रहता था। शुक्रवार की सुबह 11 बजे घर से निकले तो परिजनों ने सोचा कि टेंट के काम से ही कहीं गए होंगे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। इस पर परिजनों ने काफी खोजबीन की लेकिन उनका पता नहीं चला। मोबाइल पर भी संपर्क नहीं हो सका। शनिवार की सुबह ग्रामीण खेत की ओर गए तो नहर में उनका शव दिखा। परिजन भी भागे-भागे मौके पर पहुंच गए। काफी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से परिजन सदमे में हैं। पत्नी लीलावती व आठ वर्षीय पुत्र सचिन का रो-रोकर बुरा हाल है। पत्नी ने हत्या कर शव नहर में फेके जाने की आशंका जताई है। कोतवाल अशोक मिश्रा बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का सही पता चल सकेगा। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Back to top button
error: Content is protected !!