क्राइमचंदौलीराज्य/जिला

बलुआ पुलिस को दोहरी सफलता: मंदिर चोर गिरोह और टप्पेबाज गैंग का भंडाफोड़, 5 आरोपी व एक बाल अपचारी गिरफ्तार

चहनिया। बलुआ थाना पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को दो अलग-अलग मामलों का सफल खुलासा किया। पुलिस ने मंदिरों में चोरी करने वाले दो शातिर चोरों और बुजुर्ग महिलाओं को झांसे में लेकर आभूषण उड़ाने वाले टप्पेबाज गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया, जबकि गिरोह के एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। दोनों मामलों में चोरी के सामान की बिक्री से प्राप्त नकदी समेत कई महत्वपूर्ण बरामदगी की गई है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान पहली कार्रवाई में अमरीपुर नहर पुलिया के पास से आकाश यादव (22) और सोनू कुमार (26), निवासी सेवढ़ी मढ़ई, थाना बलुआ को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने फूलपुर हनुमान मंदिर, रामशाला लक्ष्मणगढ़ मंदिर, महगांव तथा शहाबगंज क्षेत्र के मंदिरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर छह पीतल के घंटे, दो पीतल के लोटे, एक तांबे का लोटा, तीन पीतल के आरती के दीये तथा चोरी का सामान बेचने से मिले 2,900 रुपये नकद बरामद किए। दोनों आरोपी मंदिरों से घंटे, मुकुट, पूजा के बर्तन और अन्य धार्मिक सामग्री चोरी कर कबाड़ियों को बेच देते थे।

दूसरे मामले में सेवई का पूरा के पास धानापुर-चहनिया मार्ग पर पुलिस ने टप्पेबाज गिरोह के पवन डोम, कनपातर डोम और राहुल ठठेरा उर्फ गोलू को गिरफ्तार किया, जबकि उनके एक बाल अपचारी साथी को हिरासत में लिया गया। गिरोह बुजुर्ग महिलाओं को बातचीत में उलझाकर विश्वास में लेता था और उनके सोने के आभूषण उतरवा कर फरार हो जाता था। पूछताछ में खुलासा हुआ कि 26 जुलाई को चहनिया बाजार तथा 1 अगस्त को एक अन्य बुजुर्ग महिला के साथ इसी प्रकार की टप्पेबाजी की गई थी। चोरी के आभूषण कम कीमत पर राहुल ठठेरा को बेचे जाते थे, जो उन्हें गलाकर आगे बेच देता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से आभूषणों की बिक्री से संबंधित 5,220 रुपये नकद बरामद किए।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। सभी आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि सभी मामलों में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।

Back to top button
error: Content is protected !!