fbpx
ख़बरेंचंदौलीराज्य/जिला

चंदौली में आफत बनकर बरसे बदरा, महिला समेत दो की मौत, कई मकान गिरे, तस्वीरों में देखिए तबाही

चंदौली। जिले वासियों के लिए बरसात अफत बन गई है। बीते दो दिनों से लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया है। शुक्रवार की रात धानापुर थाना के हिंगुतरगढ़ में मकान गिरने से कमली देवी (38) और बलुआ थाना के सर्वानंदपुर में कच्ची दीवार गिरने से रामदिहल यादव (48) की मौत हो गई। ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में जलजमाव की स्थिति पैदा हो गई है। गंगा के जलस्तर में इजाफा हो रहा है। वहीं बांधों का जलस्तर भी बढ़ रहा है। जिले में एक बार फिर से बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। वहीं बारिश के बीच तेज हवाओं के चलते विद्युत तार टूटने और पेड़ गिरने से मुख्यालय समेत जिले के अधिकांश इलाकों में बिजली गुल रही। शनिवार की सुबह मरम्मत के बाद आपूर्ति बहाल हो सकी।

बरसात ने ली दो की जान, गरीबों का आशियाना जमींदोज
सर्वानंदपुर गांव निवासी रामदिहल शुक्रवार की रात खाना खाने के बाद घर के बाहर मड़ई में सोने चले गए। लगातार बारिश की वजह से देर रात मड़ई की मिट्टी की दीवार अचानक भरभराकर गिर पड़ी। मलबे में दबने से रामदिहल गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चहनियां ले जा रहे थे। इसी बीच उन्होंने दम तोड़ दिया। दूसरी घटना धानापुर के हिंगुतरगढ़ गांव की है। बारिश से कच्चा मकान धराशाई हो गया। इससे कमली देवी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनकी बहन बिंदा घायल हो गईं, जिनका इलाज निजी चिकित्सालय में कराया गया। मिश्रपुरा गांव में गोविंद मौर्या का कच्चा मकान धराशाई हो गया। मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन, कचहरी पुलिया समेत सर्विस रोड पर जगह-जगह जलजमाव की स्थिति पैदा हो गई। शुक्रवार की देर रात कचहरी के समीप विद्युत तार टूट गया। वहीं सकलडीहा रोड पर लगे ट्रांसफार्मर पर पेड़ टूटकर गिर पड़ा। इसके चलते बिजली व्यवस्था चरमरा गई। सकलडीहा तहसील क्षेत्र के रेवसा गांव में बरसात के कारण गुलाब यादव का रिहायशी कच्चा मकान शनिवार को धराशाई हो गया। इसमें रखा घर गृहस्थी का सारा सामान दबकर नष्ट हो गया। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से आर्थिक मदद करवाने की मांग की है।

Back to top button
error: Content is protected !!