ख़बरेंचंदौली

पूर्वांचल टाइम्स की खबर का असर :  नगर पालिका ने कराई नालियों की सफाई, जलजमाव की समस्या से मिली निजात

चंदौली। पीडीडीयू नगर नगर के सुभाष नगर स्थित अफीम कोठी रोड की हालत लोगों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बनी हुई थी। करीब 40 फीट चौड़ी यह मुख्य सड़क जलभराव और गंदगी के चलते नाले में तब्दील हो गई थी, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों का आवागमन बेहद कठिन हो गया था। लोगों की समस्या को देखते हुए पूर्वांचल टाइम्स ने प्रमुखता के साथ खबर प्रकाशित की थी। इसके बाद नगर पालिका प्रशासन जागा और नाली की सफाई और जलनिकासी की व्यवस्था कराई। इससे लोग अब राहत महसूस कर रहे हैं।

 

सड़क पर लंबे समय से जमा गंदा पानी और कीचड़ के कारण स्थानीय दुकानदारों, मरीजों और आम नागरिकों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। बारिश न होने के बावजूद सड़क पर जलभराव बना रहना नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा था। लोगों का कहना था कि दुर्गंध और फिसलन के चलते दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार जनप्रतिनिधि और अधिकारी लंबे समय तक उदासीन बने रहे।

 

स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों का आरोप है कि नगर के विकास को लेकर बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल उलट है। उनका कहना था कि पोश इलाके की इस दुर्दशा से नगर की छवि धूमिल हो रही है, जबकि शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा था। इससे लोगों में आक्रोश व्याप्त था।

मामला सामने आने के बाद नगर पालिका प्रशासन हरकत में आया। नगर पालिका परिषद पीडीडीयू नगर के अधिशासी अधिकारी राजीव सक्सेना ने तत्काल समस्या का संज्ञान लेते हुए संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उनके निर्देश पर नगर पालिका की टीम ने मौके पर पहुंचकर नालियों की सफाई कराई और जल निकासी की व्यवस्था को दुरुस्त किया।

 

नालियों की सफाई और जलभराव समाप्त होने के बाद सड़क पर हालात काफी हद तक सामान्य हो गए। इससे दुकानदारों और स्थानीय निवासियों ने राहत की सांस ली। लोगों ने कहा कि लंबे समय से चली आ रही समस्या के समाधान से उन्हें बड़ी राहत मिली है और अब आवागमन भी सुचारू हो गया है।

 

स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाने के लिए पूर्वांचल टाइम्स का आभार जताया। उनका कहना है कि मीडिया की पहल से ही प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की, जिससे क्षेत्र की गंभीर समस्या का समाधान संभव हो सका। फिलहाल नागरिकों ने उम्मीद जताई है कि आगे भी नगर पालिका ऐसी समस्याओं पर समय रहते ध्यान देगी।

 

Back to top button
error: Content is protected !!