
चंदौली। जिले में बुधवार शाम आए तेज चक्रवाती आंधी-तूफान ने जमकर तबाही मचाई। कहीं दीवार गिर गई तो कहीं पेड़ उखड़कर लोगों पर जा गिरे। अलग-अलग हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
शिकारगंज कस्बे में 58 वर्षीय गुलाब अपनी पत्नी निराशा देवी (52) के साथ घर में बैठे थे। तभी तेज आंधी के चलते कच्ची दीवार भरभराकर गिर पड़ी। मलबे में दबने से गुलाब की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। सड़क पर पेड़ गिर जाने के बावजूद परिजन किसी तरह दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अहरौरा ले गए, जहां चिकित्सकों ने गुलाब को मृत घोषित कर दिया।
वहीं करवदिया गांव में तेज तूफान के दौरान रास्ते से गुजर रही प्रभावती देवी (62) पत्नी नंदू के ऊपर अचानक पेड़ गिर गया। पेड़ के नीचे दबने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
तेज आंधी और बारिश के कारण क्षेत्र के कई गांवों में पेड़ उखड़ गए तथा कच्चे मकानों को नुकसान पहुंचा। हादसों में मंजू देवी (42) निवासी भिषमपुर, जैनुद्दीन (45) निवासी गोगहरा, रामबली निवासी बलिया कला, रजौला देवी (60) निवासी गरला, बहादुर (30) निवासी मुस्तफापुर, आंचल (20) निवासी पचपेड़िया, उर्मिला देवी (60) निवासी इमलिया, राम प्रसाद (62) निवासी गरला, नूर मोहम्मद (40) निवासी बुडवल, आर्यन (15), अरुण (27) निवासी पचफेडिया, दिवाकर मौर्य (74) निवासी भिषमपुर, शिवलाल (30) निवासी वार्ड नंबर-1 तथा ज्योति (8) निवासी केराडीह समेत कई लोग घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज चकिया जिला संयुक्त चिकित्सालय में चल रहा है।
थाना प्रभारी अर्जुन सिंह ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम के लिए शव भेजे जाएंगे।

