चंदौलीराज्य/जिला

शहाबगंज में अपराध और ओवरलोड वाहनों पर सख्ती, नवागत थानाध्यक्ष कृपेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया एक्शन प्लान

चंदौली। शहाबगंज थाना के नवागत प्रभारी निरीक्षक कृपेन्द्र प्रताप सिंह ने पदभार संभालते ही कानून व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाने के संकेत दिए हैं। शुक्रवार को थाने पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, सड़क सुरक्षा और आमजन की सुरक्षा को अपनी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल बताया।

उन्होंने कहा कि भारतमाला परियोजना से जुड़े मार्गों पर ओवरलोड वाहनों और तेज रफ्तार हाईवा के संचालन पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई कर सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण किया जाएगा।

थानाध्यक्ष ने साफ कहा कि अवैध खनन, चोरी, अवैध शराब कारोबार और असामाजिक तत्वों पर पुलिस की लगातार नजर रहेगी। संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के साथ ही शराब भट्टियों के आसपास अनावश्यक भीड़ लगाने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

कृपेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस टीम को नियमित गश्त, रात्रि चक्रमण और संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। गांव-गांव पुलिस की सक्रियता बढ़ाकर लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम किया जाएगा।

उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस और जनता के बेहतर समन्वय से शहाबगंज क्षेत्र को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और अपराध मुक्त बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाएगा।

Back to top button
error: Content is protected !!