
चंदौली। संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पूरे जनपद में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विभिन्न राजनीतिक दलों, प्रशासनिक अधिकारियों और सामाजिक संगठनों द्वारा कार्यक्रम आयोजित कर बाबा साहब को नमन किया गया।
कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहब के विचारों को आत्मसात करते हुए सामाजिक समानता, शिक्षा और संविधान के मूल्यों का पालन करना ही सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने उनके संघर्षपूर्ण जीवन से प्रेरणा लेकर समाज और देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी न्यायिक रतन वर्मा सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
वहीं, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने जनौली, सलेमपुर और रेवसा समेत विभिन्न गांवों में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लिया। उन्होंने जुलूस व झांकी में शामिल होकर बाबा साहब के जयकारे लगाए और प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। उन्होंने कहा कि शोषितों, वंचितों और पिछड़ों को उनका हक दिलाना ही बाबा साहब के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। साथ ही उन्होंने वर्तमान सरकार पर संविधान विरोधी कार्य करने का आरोप भी लगाया। सिलौटा में अंबेडकर प्रतिमा खंडित किए जाने की घटना पर दुख जताते हुए हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया।
समाजवादी पार्टी द्वारा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र के जनौली गांव में भी अंबेडकर जयंती मनाई गई। इस दौरान नेताओं ने बाबा साहब के आदर्शों पर चलने और जातिविहीन समाज के निर्माण का संकल्प लिया।

