चंदौलीराज्य/जिला

Chandauli News: चहनियां और शहाबगंज क्षेत्रों में अगलगी से जली गेहूं की फसल, किसानों को भारी नुकसान

 

चंदौली। चहनियां और शहाबगंज क्षेत्रों में  मंगलवार को अगलगी की घटनाओं ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। चहनियां क्षेत्र के पहाड़पुर-समुद्पुर में जहां 8 बीघा गेहूं की खड़ी फसल जलकर राख हो गई, वहीं शहाबगंज के तेंदुई-पखनपुरा सीवान में भी भीषण आग से कई किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।

चहनियां क्षेत्र के पहाड़पुर-समुद्पुर गांव में अज्ञात कारणों से गेहूं के खेत में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि किसान राधेश्याम यादव की करीब 8 बीघा खड़ी फसल पूरी तरह जलकर राख हो गई। आग की लपटें उठते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास करने लगे। कड़ी धूप में घंटों मशक्कत के बाद किसी तरह आग को फैलने से रोका जा सका।
ग्रामीणों का आरोप है कि घटना की सूचना समय पर दमकल विभाग को दी गई थी, लेकिन काफी देर तक फायर ब्रिगेड नहीं पहुंची, जिससे नुकसान बढ़ गया।

वहीं शहाबगंज थाना क्षेत्र के तेंदुई-पखनपुरा सीवान में मंगलवार दोपहर भूसा बनाने के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली से निकली चिंगारी ने भीषण आग का रूप ले लिया। उमा यादव के खेत में कार्य के दौरान निकली चिंगारी सूखे भूसे पर गिर गई, जिससे आग भड़क उठी और तेज हवा के कारण आसपास के खेतों तक फैल गई।

घटना में किसान समीउल्लाह उर्फ घमंडी का करीब 2 बीघा गेहूं का बोझ जल गया, जबकि मूरत विश्वकर्मा की लगभग 5 बिस्वा फसल भी आग की चपेट में आ गई। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने के कारण काबू पाना मुश्किल हो गया।

सूचना पर डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और अग्निशमन विभाग को बुलाया गया। फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया।

Back to top button
error: Content is protected !!