
चंदौली। शहाबगंज थाना क्षेत्र के उदयपुरा गांव में गुरुवार को ग्राम प्रधान पुत्र के कथित तौर पर खुद को गोली मारने की घटना से हड़कंप मच गया। गोली लगने से 28 वर्षीय शिवम उर्फ उत्कर्ष गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। बताया गया कि शिवम शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं।
सूचना मिलते ही शहाबगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस गोली चलने के कारणों समेत घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है। फिलहाल घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

