चंदौलीराज्य/जिला

मुहर्रम को लेकर शहाबगंज पुलिस सतर्क, थाना प्रभारी ने किया फ्लैग मार्च व पैदल गश्त

चंदौली। आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए शहाबगंज पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रही है। इसी क्रम में बुधवार को थाना प्रभारी कृपेंद्र प्रताप सिंह ने पुलिस बल के साथ कस्बा क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

गश्त के दौरान थाना प्रभारी ने प्रमुख बाजारों, मुख्य मार्गों तथा संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय लोगों, व्यापारियों एवं संभ्रांत नागरिकों से संवाद स्थापित करते हुए मुहर्रम का पर्व आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाने की अपील की।

थाना प्रभारी ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है और इसके लिए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अराजकता या अव्यवस्था फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर भी नजर रखी तथा क्षेत्रवासियों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना। पुलिस की सक्रियता से कस्बे में सुरक्षा और विश्वास का माहौल देखने को मिला।

मुहर्रम को लेकर शहाबगंज पुलिस लगातार क्षेत्र में निगरानी बनाए हुए है, ताकि पर्व के दौरान शांति व्यवस्था कायम रहे और लोगों को सुरक्षित वातावरण मिल सके। पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

Back to top button
error: Content is protected !!