ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: किसान दिवस में उठा बिजली और सिंचाई का मुद्दा, डीएम ने अफसरों को दी हिदायत-शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

चंदौली। कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को किसान दिवस का आयोजन किया गया। किसानों ने खरीफ सीजन में बिजली और सिंचाई समेत अन्य समस्याओं से जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग को अवगत कराया। डीएम ने शिकायतों के शीघ्र निस्ताऱण के निर्देश दिए। वहीं लापरवाही पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि किसान दिवस केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि अन्नदाताओं की समस्याओं को समझने और उनके समाधान का प्रभावी मंच है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों से जुड़े प्रत्येक मामले का समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

धान की खेती के मौजूदा सीजन को देखते हुए जिलाधिकारी ने किसानों को उन्नत किस्म के बीज, खाद और सिंचाई सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कृषि विभाग और सहकारिता विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि निजी दुकानों और सहकारी समितियों का नियमित निरीक्षण किया जाए तथा यूरिया और डीएपी खाद का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित किया जाए। वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

 

बैठक में बिजली और सिंचाई से जुड़ी समस्याएं भी प्रमुखता से उठीं। जिलाधिकारी ने ग्रामीण क्षेत्रों में रोस्टर के अनुसार निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा खराब ट्रांसफार्मरों को 24 से 48 घंटे के भीतर बदलने के निर्देश दिए। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को चंद्रप्रभा, मूसाखांड और अन्य नहर प्रणालियों की सफाई एवं रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा। डीएम ने स्पष्ट किया कि नहरों के अंतिम छोर तक पानी पहुंचना चाहिए ताकि किसानों को धान की नर्सरी और अन्य फसलों की सिंचाई में कोई समस्या न हो।

 

किसानों ने बैठक में नहरों में गिर रहे सीवर के गंदे पानी और नहर पटरियों पर हो रहे अवैध अतिक्रमण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई और सिंचाई विभाग, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड तथा राजस्व विभाग को संयुक्त रूप से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा सड़कों पर निर्माण सामग्री रखकर अतिक्रमण करने वाले लोगों के खिलाफ भी प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग, पुलिस और स्थानीय प्रशासन को ऐसे मामलों में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

 

डीएम ने जिले के सभी चालू एवं बंद नलकूपों तथा पंपों की ब्लॉकवार सूची तैयार कर उनकी तकनीकी स्थिति की रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने बंद पड़े नलकूपों को युद्धस्तर पर दुरुस्त कराने के निर्देश दिए ताकि किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिल सके।

 

बैठक में किसानों द्वारा डीजल की उपलब्धता में आ रही कठिनाइयों का मुद्दा भी उठाया गया। इस पर जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) को आवश्यक बैठक कर त्वरित समाधान निकालने के निर्देश दिए।

 

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई, उपनिदेशक कृषि भीमसेन, जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे।

 

 

Back to top button
error: Content is protected !!