
चंदौली। पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन पर मातृ दिवस के अवसर पर महिला यात्रियों और उनके शिशुओं की सुविधा के लिए “शिशु आहार कक्ष” का शुभारंभ किया गया। रविवार को कॉनकोर्स एरिया में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व मध्य रेल महिला कल्याण संगठन एवं डीडीयू मंडल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्ष चित्रा सिंह ने इस सुविधा का उद्घाटन किया। इस मौके पर मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना सहित रेलवे के कई अधिकारी, कर्मचारी और महिला कल्याण संगठन की सदस्याएं मौजूद रहीं।
रेल प्रशासन द्वारा स्टेशन परिसर में दो स्थानों—कॉनकोर्स एरिया तथा प्लेटफॉर्म संख्या 3/4 स्थित वातानुकूलित प्रतीक्षालय—में यह सुविधा पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई गई है। इस पहल का उद्देश्य यात्रा के दौरान माताओं को अपने शिशुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सम्मानजनक वातावरण में फीडिंग कराने की सुविधा देना है।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने मातृ दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि डीडीयू मंडल यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है तथा भविष्य में भी जनहित से जुड़ी ऐसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती रहेंगी।
वहीं, चित्रा सिंह ने कहा कि नई माताओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इस “शिशु आहार कक्ष” की शुरुआत की गई है, ताकि यात्रा के दौरान उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

