
चंदौली। छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं की भीड़ और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए चंदौली पुलिस ने व्यापक रूट डायवर्जन प्लान जारी किया है। इसके तहत जिले में 10 प्रमुख स्थानों पर यातायात प्रतिबंध और मार्ग परिवर्तन लागू रहेगा। 15 नवंबर को दोपहर 12 बजे से रात 9 बजे तक तथा 16 नवंबर को तड़के 2 बजे से सुबह 8 बजे तक भारी वाहनों और मालवाहक वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध रहेगा। वहीं, कमलापति अंडरपास से मझवार कट तक नो-व्हीकल जोन बनाया जाएगा। इस मार्ग पर 16 नवंबर को सुबह तीन से नौ बजे तक सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
मुगलसराय कस्बे में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित
विक्रम सिंह महाविद्यालय (हरिशंकरपुर मोड़) से मुगलसराय कस्बे की तरफ भारी और मालवाहक वाहन नहीं जाएंगे। सपा तिराहे से चकिया तिराहे की ओर भी इन वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। चंदौली जाने वाले वाहनों को भपौली मार्ग से भेजा जाएगा।
चकिया तिराहे से मुगलसराय कस्बे तक भारी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। वाराणसी जाने वाले वाहन गोधना मोड़ से रामनगर अथवा रिंग रोड के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। कोयला मंडी से दिन में नो-इंट्री नहीं खोली जाएगी और यहां से पड़ाव की तरफ भी भारी वाहन नहीं जा सकेंगे।
पड़ाव और आलमपुर से भी बदले रहेंगे रास्ते
पड़ाव चौराहे से मुगलसराय कस्बे की ओर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। चंदौली जाने वाले वाहनों को रामनगर होते हुए एनएच-19 से भेजा जाएगा। वहीं, आलमपुर और गोधना चौराहे से मुगलसराय की ओर भारी एवं मालवाहक वाहन नहीं जाएंगे। वाराणसी जाने वाले वाहनों को एनएच-19, पचफेड़वा रिंग रोड और रामनगर के रास्ते भेजा जाएगा।
कमलापति अंडरपास से मझवार कट तक नो-व्हीकल जोन
कमलापति अंडरपास से मझवार कट के पूर्वी छोर तक सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। 15 नवंबर को दोपहर 12 से रात 9 बजे और 16 नवंबर को सुबह 3 से 9 बजे तक यह व्यवस्था लागू रहेगी।
मझवार रेलवे स्टेशन कट से कमलापति अंडरपास की ओर भारी वाहन नहीं जाएंगे। सैयदराजा और बिहार की तरफ जाने वाले वाहनों को एनएच-19 से भेजा जाएगा। इसी तरह कमलापति अंडरपास चंदौली से सकलडीहा, वाराणसी और गाजीपुर की ओर भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इन मार्गों के लिए एनएच-19 का इस्तेमाल करना होगा।
नवहीं से आने वाले वाहन हाईवे पर होंगे पार्क
नवहीं की तरफ से चंदौली कस्बे आने वाले वाहन कमलापति त्रिपाठी अंडरपास की तरफ नहीं जा सकेंगे। ऐसे वाहन पश्चिम दिशा में मुड़कर हाईवे या सर्विस लेन पर खड़े किए जाएंगे। वहां से श्रद्धालु पैदल पोखरे तक पहुंचेंगे।

