
चंदौली। चोरी की लगातार हो रही घटनाओं के मद्देनजर कह सकते हैं कि बलुआ पुलिस चोरों के आगे नतमस्तक हो चुकी है। थाना क्षेत्र के नादी गांव स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर को चोरों ने निशाना बनाते हुए हनुमान जी का करीब 500 ग्राम चांदी का मुकुट चोरी कर लिया। बीती रात हुई इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मंदिर से मुकुट गायब होने की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में आक्रोश व्याप्त हो गया।
मंदिर के पुजारी नंदलाल पाण्डेय ने बताया कि वह रोज की तरह सुबह पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे थे। गर्भगृह का दरवाजा खोलने पर भगवान हनुमान जी के शीश से चांदी का मुकुट गायब मिला। यह देख वह स्तब्ध रह गए। उन्होंने तत्काल मंदिर समिति और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी।
सूचना पर 112 पुलिस और बलुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर छानबीन शुरू की। पुलिस मंदिर परिसर और आसपास के रास्तों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द चोरी का खुलासा करने, मुकुट बरामद करने और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने जल्द ही घटना का पर्दाफाश करने का आश्वासन दिया है।

