ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: छठ पर सुरक्षा व्यवस्था की पड़ताल करने चंदौली पहुंचे ADG नवीन अरोरा, दामोदरदास पोखरा और मानसरोवर तालाब का किया निरीक्षण, डीडीयू जंक्शन पर किया भ्रमण, दिए जरूरी निर्देश

चंदौली। छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रविवार को अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन नवीन अरोरा और पुलिस अधीक्षक चंदौली आकाश पटेल ने विभिन्न छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने थाना मुगलसराय क्षेत्र के दामोदरदास पोखरा घाट और थाना अलीनगर क्षेत्र के मानसरोवर पोखरा घाट पर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान घाटों पर प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सुरक्षा घेरा और कच्चे घाटों पर फिसलन रोकने के इंतजामों की समीक्षा की गई। जल सुरक्षा के मद्देनजर डूबने की घटनाओं को रोकने के लिए एनडीआरएफ की टीमें, पीएसी की फ्लड कंपनी, प्रशिक्षित गोताखोर और निजी नावें तैनात की गई हैं। प्रमुख घाटों पर चिकित्सा शिविर, खोया-पाया केंद्र और पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था भी की गई है।

महिला सुरक्षा और अपराध नियंत्रण के लिए सादे कपड़ों तथा वर्दी में पुलिसकर्मियों की पेट्रोलिंग के साथ एंटी रोमियो स्क्वाड और मिशन शक्ति की महिला पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया है। पॉकेटमारी, चेन स्नैचिंग और मोबाइल चोरी जैसी घटनाओं पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। उगते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए श्रद्धालुओं के तड़के तीन से साढ़े तीन बजे के बीच घाटों पर पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी रात 12 बजे से ही लगा दी गई है।

इसके बाद एडीजी नवीन अरोरा ने भारी पुलिस बल के साथ मुगलसराय कस्बे और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर पैदल गश्त की। इस दौरान बाजारों, मुख्य मार्गों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा, यातायात नियंत्रण तथा मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों की कानून-व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने आमजन से संवाद कर सुरक्षा का भरोसा दिलाया और असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण और गश्त के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सदर विक्रम दहिया, क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण सिंह, प्रभारी निरीक्षक अलीनगर गगनराज सिंह और थानाध्यक्ष मुगलसराय अर्जुन सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!