ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: छठ पूजा को लेकर चकिया प्रशासन अलर्ट, एसडीएम-सीओ ने घाटों का किया निरीक्षण

शिकारगंज से इलिया तक पूजा स्थलों का लिया जायजा, संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग और भीड़ नियंत्रण के दिए निर्देश

 

चंदौली। लोक आस्था के महापर्व डाला छठ को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए चकिया प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को एसडीएम विकास मित्तल और सीओ चकिया अजीत सिंह चौहान ने पुलिस एवं प्रशासनिक टीम के साथ क्षेत्र के विभिन्न छठ पूजा स्थलों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने घाटों की स्थिति, साफ-सफाई, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

निरीक्षण के दौरान एसडीएम और सीओ शिकारगंज, हरिपुर, चकिया, शहाबगंज और इलिया समेत विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचे। उन्होंने छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही के रास्तों और सुरक्षा इंतजामों को परखा। अधिकारियों ने निर्देश दिया कि संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग कराई जाए, ताकि श्रद्धालु गहरे पानी की ओर न जाएं। साथ ही भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।

 

पूजा समितियों से भी की बातचीत

अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान छठ पूजा समितियों के पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों से बातचीत कर तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि पूजा के दौरान व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। घाटों पर साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

निर्माणाधीन पुलिस चौकी का भी लिया जायजा

वहीं, इलिया से सटे बिहार सीमा के मालदह क्षेत्र में निर्माणाधीन पुलिस चौकी का भी अधिकारियों ने निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लेकर संबंधित लोगों को आवश्यक निर्देश दिए।

 

प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि छठ महापर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए गए हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!