
संवाददाता: बाबू चौहान
चंदौली। चकिया-चंदौली मार्ग पर गुरुवार सुबह सड़क हादसे में शादी समारोह में शामिल होने जा रही 28 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।
जानकारी के अनुसार मिर्जापुर जनपद के चुनार थाना क्षेत्र के जंगल महाल पटीहता गांव निवासी 28 वर्षीय अनीता चौहान पत्नी सनोज चौहान अपनी दो बेटियों के साथ सैयदराजा जा रही थीं। उनकी बहन की बेटी की शादी थी, जिसमें शामिल होने के लिए वह सुबह घर से निकली थीं।
बताया गया कि अनीता पहले चकिया पहुंचीं और वहां से सैयदराजा जाने के लिए टोटो वाहन में सवार हुईं। सुबह करीब नौ बजे टोटो शहाबगंज थाना क्षेत्र के विशुनपुरा गांव के पास पहुंचा, तभी वाहन अचानक असंतुलित हो गया। झटका लगने से अनीता टोटो से नीचे सड़क पर गिर पड़ीं। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट लग गई और वह सड़क पर लहूलुहान हो गईं।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग और राहगीर मदद के लिए जुट गए। इसी दौरान उनकी सात वर्षीय बेटी आराध्या ने हिम्मत दिखाते हुए अपने मामा को फोन कर हादसे की सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल अनीता को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां मातम छा गया। परिजनों और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना पर पहुंची शहाबगंज पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी प्रियंका सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

