
चंदौली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। जिला मंत्री किरन शर्मा के नेतृत्व में हजारों महिलाओं ने धरना स्थल से मार्च निकालते हुए सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी के खिलाफ प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने सपा सांसद की टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह समाजवादी पार्टी की मानसिकता को उजागर करता है। महिलाओं ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री जैसे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति के खिलाफ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल लोकतंत्र की गरिमा का उल्लंघन है, जिसे देश और प्रदेश की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी।
महिला मोर्चा की नेताओं ने कहा कि विपक्ष के कुछ नेताओं की राजनीति अब केवल गाली-गलौज और कीचड़ उछालने तक सीमित रह गई है। उन्होंने कहा कि जनता आने वाले समय में ऐसे नेताओं को लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की कि सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में कोई भी जनप्रतिनिधि इस तरह की भाषा का प्रयोग न कर सके।
विरोध प्रदर्शन में प्रमुख रूप से सुषमा जायसवाल, गीता रानी गुप्ता, ज्योति जायसवाल, सुषमा गिरी, मालती गुप्ता, प्रियंका तिवारी, निधि तिवारी, रेनू सिंह, रेनू तिवारी, अनुराधा गुप्ता, साधना अग्रहरि, गीता कुमारी, नर्मदा मिश्रा, पूनम सिंह और देविका कुमारी सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं।

