क्राइमख़बरेंराज्य/जिला

Chandauli News: फोन पर खुद को पुलिस अधिकारी बताकर महिलाओं को करते थे परेशान,  दो युवक गिरफ्तार

चंदौली। मुगलसराय पुलिस ने फोन पर खुद को फर्जी सीओ और एसओ बताकर महिलाओं व बालिकाओं से अभद्रता करने वाले दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश शासन के मिशन शक्ति फेज-5 (द्वितीय चरण) के तहत की गई है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहित खरवार (22) पुत्र स्वर्गीय सोहन खरवार और गोरख यादव (20) पुत्र रामजनम यादव, दोनों निवासी ग्राम भोगवारे, थाना मुगलसराय, जनपद चंदौली के रूप में हुई है। इस मामले में थाना मुगलसराय पर मुकदमा संख्या 195/2026, धारा 296 बीएनएस के तहत केस दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे महिलाओं से बात करने के लिए बार-बार फोन करते थे। जब कोई महिला उनका नंबर ब्लॉक कर देती, तो वे दूसरे नंबर से कॉल करते थे। आरोपी खुद को फर्जी तौर पर सीओ और एसओ बताकर फोन करते और गाली-गलौज व अभद्र भाषा का प्रयोग कर महिलाओं को मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक बाकेलाल यादव, महिला उपनिरीक्षक रीता देवी, महिला हेड कांस्टेबल दिव्या कनौजिया और कांस्टेबल आत्मा तिवारी शामिल रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!