ख़बरेंचंदौली

गंगा के ऊपर दिखा वायुसेना का पराक्रम, ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो ने काशी में रचा इतिहास, गंगा किनारे उमड़े लाखों दर्शक

नमो घाट पर लड़ाकू विमानों के हैरतअंगेज करतबों ने दर्शकों को किया रोमांचित, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में भारतीय वायुसेना ने दिखाई ताकत

 

वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ पर आयोजित हुआ भव्य एयर शो, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई गणमान्य रहे मौजूद

 

वाराणसी/चंदौली। मां गंगा की पावन धारा और नमो घाट के ऊपर रविवार को भारतीय वायुसेना के शौर्य, साहस और तकनीकी दक्षता का अद्भुत प्रदर्शन देखने को मिला। वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो में लड़ाकू विमानों ने आसमान में हैरतअंगेज करतब दिखाकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। गगनभेदी गर्जना के साथ गंगा के ऊपर से गुजरते विमानों को देखकर घाटों पर मौजूद लोगों ने तालियों और जयकारों से उत्साह बढ़ाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शिरकत कर वायुसेना के जांबाजों का उत्साहवर्धन किया।

आसमान में दिखा भारतीय वायुसेना का शौर्य

रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे शुरू हुए एयर शो में वायुसेना के जांबाज पायलटों ने अपने कौशल और विमानों की क्षमता का प्रदर्शन किया। गंगा के ऊपर विमानों की तेज उड़ान और सधे हुए हवाई करतबों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस आयोजन ने भारतीय वायुसेना की परिचालन क्षमता और देश की रक्षा शक्ति की झलक प्रस्तुत की।

 

कई दिग्गजों की मौजूदगी ने बढ़ाई आयोजन की गरिमा

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इनके अलावा उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक, केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह, वाइस चीफ एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित और मध्य वायु कमान के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ एयर मार्शल तरुण चौधरी सहित सैन्य एवं नागरिक प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

चंदौली प्रशासन ने संभाली सुरक्षा और यातायात की कमान

एयर शो के दौरान दर्शकों की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर चंदौली जिला प्रशासन सतर्क रहा। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने स्वयं भ्रमण कर डुमरी, सुजाबाद, कटेसर, बहादुरपुर और आसपास के क्षेत्रों में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने सुरक्षा, यातायात और पार्किंग प्रबंधन का निरीक्षण करते हुए संबंधित कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए।

 

भारतीय वायुसेना की क्षमता का मिला संदेश

‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो ने काशी के धार्मिक और सांस्कृतिक परिवेश में भारतीय वायुसेना की ताकत का अनूठा संगम प्रस्तुत किया। गंगा के ऊपर लड़ाकू विमानों के प्रदर्शन ने दर्शकों में रोमांच भर दिया। आयोजन के सफल समापन के साथ वायुसेना के शौर्य, अनुशासन और पेशेवर दक्षता की झलक लोगों के लिए यादगार बन गई।

 

Back to top button
error: Content is protected !!