ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: स्कॉर्पियो की टक्कर से सेवानिवृत्त कानूनगो की मौत, शव घर पहुंचते ही मचा कोहराम

चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के सेमरा गांव के पास स्टेट हाईवे पर रविवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे में घायल सेवानिवृत्त कानूनगो राधेश्याम यादव (67) की इलाज के दौरान मौत हो गई। सोमवार को उनका शव घर पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

 

सेमरा गांव निवासी राधेश्याम यादव कानूनगो पद से सेवानिवृत्त होने के बाद घर पर रहकर खेती-बारी संभालते थे। रविवार शाम करीब सात बजे वह घर के पास स्थित डेयरी पर दूध लेने जा रहे थे। इसी दौरान पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

 

लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चहनिया पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। यहां उपचार के दौरान सोमवार सुबह करीब 10 बजे उनकी मौत हो गई।

 

मृतक के परिवार में पत्नी कमलेश देवी, पुत्र अभिषेक यादव (19) और पुत्री कंचन यादव हैं। पुत्री की शादी हो चुकी है, जबकि अभिषेक जालंधर में रहकर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा है। राधेश्याम की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घर पहुंचा शव देखकर पत्नी और परिजन बिलख पड़े।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो की टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन के पहिए के पास घर्षण से आग सुलगने लगी। ग्रामीणों ने पानी डालकर आग बुझाई। हादसे की सूचना मिलने पर बलुआ पुलिस मौके पर पहुंची और स्कॉर्पियो को कब्जे में ले लिया। बलुआ थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटना में शामिल वाहन को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!