ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: हिस्ट्रीशीटर धर्मेंद्र भारती को लंगड़ा करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार का इनाम, हिस्ट्रीशीटर का भाई भी बना इनामी

चंदौली। जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने कुख्यात हिस्ट्रीशीटर धर्मेंद्र भारती और उसके सहयोगियों पर सख्त शिकंजा कस दिया है। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में पुलिस टीम ने शातिर अपराधी को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। एसपी ने पुलिस टीम को 25 हजार का इनाम दिया। वहीं हिस्ट्रीशीटर के भाई पर भी 25 हजार का इनाम घोषित किया गया है।

 

थाना अलीनगर क्षेत्र में 21 अप्रैल को एक परिवार पर जानलेवा हमला और फायरिंग की घटना हुई थी। इस मामले में मुख्य आरोपी के रूप में नामजद हिस्ट्रीशीटर धर्मेंद्र भारती को गुरुवार की रात पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस की कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

 

धर्मेंद्र भारती पर पहले से ही हत्या, जानलेवा हमला, लूट समेत कुल 33 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिससे उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि का अंदाजा लगाया जा सकता है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।

 

वहीं, आरोपी के फरार चल रहे भाई भोला पुत्र ओम प्रकाश पर भी पुलिस अधीक्षक द्वारा 25,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया है, ताकि उसकी जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके। इस पूरे मामले के सफल खुलासे और मुठभेड़ में गिरफ्तारी जैसी चुनौतीपूर्ण कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम को भी सम्मानित किया गया है। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने स्वाट और सर्विलांस टीम के सदस्यों को संयुक्त रूप से 25,000 रुपये के नगद पुरस्कार से पुरस्कृत किया है।

 

पुरस्कृत होने वाली टीम में निरीक्षक राम जनम यादव (प्रभारी एसओजी), उपनिरीक्षक अतुल प्रजापति (एसओजी), उपनिरीक्षक आशीष कुमार मिश्रा (प्रभारी सर्विलांस सेल), हेड कांस्टेबल अरविन्द भारद्वाज, राणाप्रताप सिंह, रामानन्द यादव, आशुतोष सिंह, आनन्द सिंह (सभी एसओजी), तथा हेड कांस्टेबल प्रेमप्रकाश यादव, मन्टू सिंह, कांस्टेबल अजीत सिंह, नीरज कुमार मिश्रा, मनीष कुमार, मनोज कुमार, गणेश और संदीप कुमार (सभी सर्विलांस सेल) शामिल हैं।

 

Back to top button
error: Content is protected !!