ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: फाइनेंस कंपनी बनाकर महिलाओं का पैसा लेकर संचालक फरार, दफ्तर में बंद मिला ताला, महिलाओं ने कार्रवाई की उठाई मांग

चंदौली। चहनियां क्षेत्र के सोनहुला गांव में किराये के मकान में संचालित समाधान माइक्रो क्रेडिट प्राइवेट लिमिटेड के नाम से संचालित कंपनी की ओर से महिलाओं के साथ धोखाधड़ी का आरोप लगा है। महिलाओं को 60 हजार रुपये दिलाने का झांसा देकर 2950 रुपये वसूले गए। महिलाएं पैसे लेने पहुंचीं तो दफ्तर बंदकर संचालक फरार हो गए। महिलाओं ने जमकर हंगामा किया। वहीं आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

 

सोनहुला ग्राम सभा में किराए के मकान में समाधान माइक्रो क्रेडिट प्राइवेट लिमिटेड, प्रधान कार्यालय भारतपुर, घाजीपुर (यूपी) पर क्षेत्र की सैकड़ों महिलाओं से धोखाधड़ी कर लाखों रुपये वसूलने का आरोप लगा है। महिलाओं का आरोप है कि संस्था के प्रतिनिधियों ने 60 हजार रुपये बीमा एवं आर्थिक सहायता दिलाने का प्रलोभन देकर प्रत्येक महिला से 2950 रुपये जमा कराए और बाद में कार्यालय बंद कर फरार हो गए।

 

पीड़ित महिलाओं के अनुसार संस्था के एजेंटों ने सोनहुला, महेशपुर, सिंगहा, खड़ेहरा, बेला, समदपुर, अगस्तीपुर, फुलवरिया, भगवानपुर, महरखा, धानापुर सहित दर्जनों गांवों में घर-घर संपर्क कर महिलाओं को योजना की जानकारी दी थी। संस्था द्वारा दावा किया गया था कि पंजीकरण के बाद लाभार्थियों के खाते में 60-60 हजार रुपये भेजे जाएंगे।

 

महिलाओं का कहना है कि कई लोगों ने उधार लेकर तो कई ने अपनी मेहनत की कमाई से 2950 रुपये जमा किए थे। शनिवार सुबह संस्था की ओर से आश्वासन दिया गया कि सभी लाभार्थियों के खातों में धनराशि भेज दी जाएगी, लेकिन जब महिलाएं पैसा लेने के लिए कार्यालय पहुंचीं तो वहां ताला लटका मिला और संस्था से जुड़े सभी लोग गायब थे।

 

घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर भारी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर मकान मालिक भी पहुंचा और संबंधित लोगों से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन सभी मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिले। मकान मालिक के अनुसार संस्था से जुड़े एक व्यक्ति का संबंध गाजीपुर और दूसरे का बिहार से है।

 

उर्मिला देवी, हीरावती देवी, रीता, राधना, अनीता, रेखा, मीना, टेटरा, चंदा, सोना, गुड्डी, विमला, शीला, पार्वती, डेजी सहित सैकड़ों अन्य महिलाओं ने संस्था में धनराशि जमा की थी। ग्रामीणों का आरोप है कि गरीब एवं जरूरतमंद महिलाओं को सुनियोजित तरीके से झूठे आश्वासन देकर धनराशि जमा कराई गई और बाद में संस्था के लोग फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है।

 

पीड़ित महिलाओं ने प्रशासन से मामले की तत्काल जांच कर समाधान माइक्रो क्रेडिट प्राइवेट लिमिटेड के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने तथा जमा की गई धनराशि वापस दिलाने की मांग की है। महिलाओं का कहना है कि उनकी जीवनभर की बचत और उधार लेकर जुटाई गई रकम इस फर्जीवाड़े में फंस गई है, इसलिए उन्हें न्याय दिलाया जाए।

Back to top button
error: Content is protected !!