ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : गंगा का जलस्तर नीचे, अभी किसानों को नहीं मिलेगा पानी, केंद्रीय जल आयोग की रोक, जानिये एक्सईएन ने क्या कहा

चंदौली। जिले के किसानों के लिए अहम खबर है। गंगा का जलस्तर नीचे होने की वजह से फिलहाल किसानों को पानी नहीं मिल पाएगा। कारण, नारायणपुर एवं भूपौली पंप कैनाल का संचालन अस्थायी रूप से रोका गया है। यह निर्णय तकनीकी कारणों और केंद्रीय जल आयोग द्वारा निर्धारित मानकों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

 

सिंचाई विभाग (मूसाखंड) के अधिशासी अभियंता ने बताया कि वर्तमान में गंगा का जलस्तर मानक से कम है। जलस्तर जब नारायणपुर पंप नहर के लिए 60.00 मीटर और भूपौली पंप नहर के लिए 57.00 मीटर से नीचे चला जाता है, तो तकनीकी रूप से पंपों का संचालन करना संभव नहीं होता। यही स्थिति फिलहाल बनी हुई है, जिससे इन दोनों पंप कैनालों से जल आपूर्ति बाधित है। उन्होंने बताया कि यह एक अस्थायी अवरोध है, और जैसे ही जलस्तर निर्धारित सीमा तक पहुंचता है, दोनों नहरों को तत्काल चालू कर दिया जाएगा।

 

एक्सईएन ने किसानों से अपील की कि वे परिस्थिति की गंभीरता को समझें और धैर्य बनाए रखें। जलस्तर में बढ़ोतरी होते ही नहरों से सिंचाई के लिए पानी छोड़ा जाएगा, जिससे खेतों को पर्याप्त जल मिल सकेगा और फसल की सिंचाई में किसी प्रकार की बाधा न आए। सिंचाई विभाग और जिला प्रशासन इस स्थिति पर लगातार निगरानी रख रहे हैं और हरसंभव प्रयास किया जा रहा है कि जल आपूर्ति व्यवस्था को यथाशीघ्र सामान्य किया जा सके।

 

विभागीय अधिकारियों की टीम गंगा के जलस्तर पर लगातार नजर बनाए हुए है और मौसम तथा जल प्रवाह की स्थिति का विश्लेषण कर रही है। किसानों की सुविधा और फसलों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह आश्वासन भी दिया गया है कि जैसे ही स्थिति अनुकूल होगी, बिना किसी देरी के नारायणपुर और भूपौली पंप कैनाल का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। विभाग किसानों के हित में पूरी तत्परता से कार्य कर रहा है।

 

Back to top button
error: Content is protected !!