
चंदौली। सकलडीहा ब्लॉक के जलालपुर ग्रामसभा के धमिना गांव का संपर्क मार्ग इन दिनों बदहाली का शिकार है। मार्ग के निर्माण के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष, सपा सांसद, विधायक और जिला पंचायत सदस्य के नाम वाले बोर्ड तो लगा दिए गए, लेकिन शिलान्यास के बाद निर्माण कार्य के नाम पर सिर्फ दोनों तरफ वाल खड़ी की गई। उसके बाद जगह-जगह मिट्टी और गिट्टी डालकर छोड़ दिया। बारिश के दिनों में स्थिति और खराब हो गई है। मार्ग पर कीचड़ और फिसलन के कारण ग्रामीणों और राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार, धमिना गांव को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाले संपर्क मार्ग के निर्माण की उम्मीद शिलान्यास के बाद जगी थी। मार्ग के दोनों ओर निर्माण से संबंधित बोर्ड भी लगा दिए गए। इसके बाद सड़क पर मिट्टी और गिट्टी डाली गई, लेकिन आगे का काम नहीं कराया गया। लंबे समय से निर्माण कार्य ठप होने के कारण सड़क का हाल बदहाल है।

इन दिनों बारिश होने के बाद मार्ग की स्थिति और भी बदतर हो गई है। मिट्टी पानी के संपर्क में आने से सड़क पर कीचड़ जमा हो गया है। कई स्थानों पर फिसलन इतनी अधिक है कि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। दोपहिया वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतनी पड़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि मार्ग की दुर्दशा के कारण बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।

ग्रामीणों ने बताया कि संपर्क मार्ग गांव के लोगों के दैनिक आवागमन का प्रमुख रास्ता है। इसके बावजूद निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने से लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सड़क का निर्माण पूरा नहीं कराया गया तो बारिश के दौरान समस्या और गंभीर हो सकती है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों से मार्ग का निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग की है।

