ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : मनबढ़ युवकों ने दरोगा के साथ की मारपीट, फाड़ दी वर्दी, तीन गिरफ्तार

चंदौली। बबुरी थाने में तैनात दरोगा के साथ सफारी सवार मनबढ़ युवकों ने मारपीट की। दरोगा की वर्दी फाड़ दी। ऑटो चालक से उलझने के बाद युवक दरोगा पर टूट पड़े। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं उनके अज्ञात साथियों की भी तलाश कर रही है।

 

उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार शुक्ला हमराही कांस्टेबल संदीप यादव के साथ क्षेत्र में भ्रमण कर रहे थे। उसी दौरान सूचना मिली कि नहर पुलिया के पास सफारी सवार युवकों और ऑटो चालक के बीच विवाद हो गया। दरोगा जब पुल पर पहुंचे तो सफारी सवार युवक अपना वाहन पुल के बीचबीच खड़ा कर ऑटो चालक से बहस कर रहे थे। इससे वहां से गुजरने वालों को परेशानी हो रही थी।

दरोगा ने सफारी सवार युवक को पुल से वाहन साइड करने के लिए कहा। इस पर सफारी चालक गढ़वां उत्तरी निवासी विरेंद्र सिंह पुत्र जितेंद्र सिंह, आशीष कुमार सिंह पुत्र काशीनाथ सिंह और बबुरी निवासी अवनीश सिंह पुत्र विमल सिंह दरोगा के साथ गालीगलौज करने लगे। वहीं वर्दी उतरवाने और देख लेने की धमकी देने लगे। दरोगा के बार-बार वाहन हटाने के लिए कहने पर मनबढ़ों ने अपने 10-15 अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया और दरोगा के साथ मारपीट शुरू कर दी। उनकी वर्दी फाड़ दी। मारपीट में दरोगा के कंधे में चोट लगी।

 

दरोगा के साथ मारपीट की घटना के बाद हरकत में आई पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं उनके साथियों की तलाश में जुटी है। पुलिस सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई के मूड में है।

 

Back to top button
error: Content is protected !!