
चंदौली। लोक आस्था, पवित्रता और सूर्योपासना का चार दिवसीय महापर्व डाला छठ सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ श्रद्धा और भक्तिभाव के बीच संपन्न हो गया। चंदौली जनपद के शहाबगंज विकासखंड अंतर्गत गोविंदिपुर, भोड़सर, एकौना और शहाबगंज समेत क्षेत्र के विभिन्न गांवों और कस्बों के छठ घाटों पर तड़के से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। व्रती महिलाओं और पुरुषों ने भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और खुशहाली की कामना की।
भोर होने से पहले ही व्रती महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में पूजन सामग्री से सजे दउरा और फलों से भरे सूप लेकर घाटों पर पहुंचने लगी थीं। घाटों पर पहुंचकर उन्होंने पूजा की वेदियों पर पूजन सामग्री सजाई और गंगा सहित विभिन्न जलाशयों में खड़े होकर सूर्यदेव के उदय होने की प्रतीक्षा की। जैसे ही पूर्व दिशा में भगवान भास्कर की पहली किरण दिखाई दी, व्रतियों ने दूध और जल से अर्घ्य अर्पित कर छठी मइया की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
इस दौरान घाटों पर छठी मइया के पारंपरिक गीतों और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। परिवार के सदस्य भी पूजा में शामिल हुए। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में पर्व को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
घाटों पर सजावट और रोशनी ने बढ़ाई रौनक
छठ महापर्व को लेकर विभिन्न घाटों पर विशेष साफ-सफाई के साथ आकर्षक सजावट और रोशनी की व्यवस्था की गई थी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूजा स्थलों को व्यवस्थित किया गया था। सुबह होते-होते घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ और बढ़ गई। चारों ओर भक्ति और उल्लास का माहौल दिखाई दिया।
36 घंटे के निर्जला व्रत का किया पारण
उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के बाद व्रती महिलाओं ने 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत का पारण किया। इसके साथ ही चार दिनों तक चलने वाले छठ महापर्व का विधिवत समापन हो गया। श्रद्धालुओं ने छठी मइया से परिवार के सभी सदस्यों के स्वस्थ रहने, संतान की रक्षा और जीवन में सुख-समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की।

