चंदौलीराज्य/जिला

सुभाष नगर तालाब प्रकरण: प्लाटरों और मिलीभगत में शामिल लेखपालों की तैयार हो रही कुंडली

चंदौली। मुगलसराय के सुभाष नगर स्थित तालाब की जमीन पर हुए कथित अतिक्रमण और अवैध खरीद-फरोख्त के मामले में प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। नायब तहसीलदार के नेतृत्व में गठित टीम जल्द ही मौके पर पहुंचकर भौतिक सत्यापन करेगी। फिलहाल तालाब की जमीन का चिन्हीकरण किया जा रहा है।

एसडीएम मुगलसराय राजीव सक्सेना ने बताया कि तालाब की जमीन की खरीद-फरोख्त में शामिल प्लाटरों और कथित रूप से मिलीभगत करने वाले लेखपालों की भूमिका की जांच कराई जा रही है। पूरे प्रकरण में शामिल लोगों का विवरण तैयार किया जा रहा है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बताया जा रहा है कि सुभाष नगर स्थित तालाब का बड़ा हिस्सा निजी भूमि बताकर बेच दिया गया, जबकि उसकी बाकायदा रजिस्ट्री भी कराई गई। आरोप है कि इस पूरे खेल में कुछ प्लाटरों और राजस्व विभाग के कर्मचारियों की मिलीभगत रही।

प्रशासन ने तालाब की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने का निर्णय लिया है। कथित तौर पर तालाब की भूमि पर बने भवनों के स्वामियों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि तालाब की सरकारी भूमि को हर हाल में खाली कराया जाएगा।

इसके साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि सरकारी भूमि पर दाखिल-खारिज किस आधार पर किया गया। यदि जांच में किसी अधिकारी, कर्मचारी या अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button
error: Content is protected !!