ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : दमड़ी पहाड़ी पर मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, क्षेत्र में सनसनी

मोबाइल बरामद, शिकारगंज चौकी पुलिस शिनाख्त में जुटी

चंदौली। चकिया कोतवाली के पचफेडियां गांव स्थित दमड़ी पहाड़ी पर शुक्रवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।

 

सुबह कुछ ग्रामीण पहाड़ी की ओर गए थे, तभी उनकी नजर एक व्यक्ति के शव पर पड़ी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। मामले की सूचना तत्काल शिकारगंज चौकी पुलिस को दी गई।

 

शिकारगंज चौकी प्रभारी अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की जा रही है। मौके से एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है, जो बंद अवस्था में मिला। उसे चार्ज कर डाटा खंगालने की तैयारी की जा रही है, जिससे मृतक की पहचान और घटना की परिस्थितियों का सुराग मिल सके।

 

प्रथम दृष्टया मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है। साथ ही फोरेंसिक टीम से भी जांच कराई जा सकती है, ताकि किसी भी संभावित आपराधिक पहलू से इंकार न किया जा सके।

 

घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं। पुलिस का कहना कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है और पहचान के लिए स्थानीय लोगों से भी सहयोग लिया जा रहा है।

Back to top button
error: Content is protected !!