खेलचंदौलीराज्य/जिला

Chandauli News: पत्रकार इलेवन की धमाकेदार जीत से नगर पालिका प्रीमियर लीग का आगाज

चंदौली। मुगलसराय नगर पालिका प्रीमियर लीग का रंगारंग शुभारंभ शुक्रवार को पत्रकार इलेवन और सभासद इलेवन के बीच खेले गए उद्घाटन मुकाबले से हुआ। पहले ही मैच में पत्रकार इलेवन ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए सभासद इलेवन को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी। टीम ने 19 गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर एकतरफा जीत अपने नाम की। बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए महेंद्र पटेल को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

मैच में पत्रकार इलेवन के कप्तान सरदार कमलजीत सिंह ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी सभासद इलेवन की शुरुआत अच्छी रही। एसडीएम व प्रभारी ईओ राजीव मोहन सक्सेना और सभासद सुरेंद्र चौहान ने पहले चार ओवर में बिना विकेट खोए 42 रन जोड़ दिए। हालांकि पांचवें ओवर में महेंद्र पटेल ने सुरेंद्र चौहान को आउट कर टीम को पहली सफलता दिलाई, जिसके बाद सभासद इलेवन की पारी लड़खड़ा गई। शशि प्रकाश मिश्रा ने काफी किफायती गेंदबाजी की।

इसके बावजूद राजीव मोहन सक्सेना ने अंत तक टिककर खेलते हुए कुछ आकर्षक शॉट लगाए और टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया। वह नाबाद लौटे।

101 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पत्रकार इलेवन ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया। सलामी बल्लेबाज महेंद्र पटेल और सुनील यादव ने तेज बल्लेबाजी करते हुए महज तीन ओवर में टीम का अर्धशतक पूरा कर दिया। सुनील यादव 82 रन के स्कोर पर रिटायर हर्ट हुए। इसके बाद नितिन गोस्वामी ने महेंद्र पटेल के साथ मिलकर टीम को 19 गेंद पहले शानदार जीत दिला दी।

प्रतियोगिता का उद्घाटन नगर पालिका अध्यक्ष सोनू किन्नर और समाजसेवी महेश जायसवाल ने फीता काटकर एवं खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस दौरान सोनू किन्नर ने कहा कि नगर पालिका प्रीमियर लीग केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और भाईचारे को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा विकसित करता है।

आयोजक सभासद आरती यादव और समाजसेवी श्रवण यादव ने सभी पत्रकारों और सभासदों को स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।

 

Back to top button
error: Content is protected !!