
चंदौली। सिविल बार एसोसिएशन का चुनाव गुरुवार को गहमागहमी के बीच सदर कचहरी में संपन्न हुआ। मतदान के बाद मतों की गिनती की गई। इसमें चंद्रभानु सिंह अध्यक्ष व अनिल सिंह महामंत्री निर्वाचित हुए। अधिवक्ताओं ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया।
सिविल बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव के लिए मतदान सुबह 10 बजे शुरू हुआ। सुबह के वक्त मतदान की प्रक्रिया धीमी रही, लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही इसमें तेजी आ गई। कुल 1031 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसके बाद शाम 5 बजे से मतगणना की प्रक्रिया शुरू हुई। देर शाम परिणामों की घोषणा की गई। इसमें अध्यक्ष पद के लिए चंद्रभानु सिंह को कुल 566 मत प्राप्त हुए। वहीं उनके प्रतिद्वंदी प्रभुनारायण मौर्य को 461 मत प्राप्त हुए। चंद्रभानु सिंह ने अपने प्रतिद्वंदी को 105 वोटों से परास्त किया। वहीं महामंत्री पद पर अनिल सिंह को 466 मत मिले। उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी रामकृत को 70 मतों से हराया। रामकृत को कुल 395 वोट प्राप्त हुए थे। वहीं तीसरे प्रतिद्वंदी अरूण पांडेय को 168 वोट मिले थे। इसके अलावा वरिष्ठ उपाध्यक्ष भीष्मनारायण सिंह, उपाध्यक्ष 10 वर्ष से उपर प्रवीण कुमार तिवारी, आशुतोष कुमार मिश्रा, उपाध्यक्ष 10 वर्ष से नीचे मदन सिंह, संदीप कुमार यादव के अलावा संयुक्त मंत्री कृष्ण मुरारी यादव, राजेश कुमार, संतोष कुमार सिंह निर्वाचित घोषित किए गए। वहीं 15 वर्ष से उपर कार्यकारणी सदस्यों में पंकज कुमार सिंह, राजेंद्र तिवारी, वीरेंद्र कुमार श्रीवास्तव, वीरेंद्र प्रताप सिंह, विधि प्रकाश चौबे निर्वाचित हुए। निर्वाचन समिति के सदस्य कपिलदेव सिंह, चंद्रमौलि उपाध्याय, नन्दलाल, विनोद कुमार सिंह, शफीक खान ने चुनाव व मतगणना की प्रक्रिया पूर्ण करायी। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर भारी संख्या में पुलिस फोर्स मुस्तैद रही। इस मौके पर अधिवक्ता प्रवीण कुमार, राजबहादुर सिंह, धनंजय सिंह, सुनील सिंह मुखिया, इमरान सिद्धकी, कुंवर वीरेंद्र प्रताप सिंह, संतोष सिंह, उज्जवल नारायण सिंह सहित अन्य अधिवक्ता उपस्थित रहे।