
चंदौली। सकलडीहा कस्बे में विकास कार्यों की सुस्ती और अव्यवस्था लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री का गृह कस्बा होने के बावजूद यहां ब्लॉक से तहसील रोड के बीच नाली निर्माण का कार्य पिछले एक माह से अधूरा पड़ा हुआ है। नाली निर्माण के लिए सड़क खोदकर छोड़ दी गई, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। यह मार्ग पहले से ही जर्जर है। ऐसे में जगह-जगह गिरी गिट्टी दुश्वारियों को और बढ़ा दे रही हैं।
स्थिति यह है कि खुदाई के दौरान जेसीबी मशीन से बिजली की केबिल टूट गई, जिससे आसपास के कई घरों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। भीषण गर्मी में लोग अंधेरे और बिजली संकट से जूझने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया।
हैरानी की बात यह है कि इसी मार्ग से प्रतिदिन ब्लॉक और तहसील स्तर के अधिकारी गुजरते हैं, लेकिन किसी ने भी इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान नहीं दिया। अधूरी खुदाई के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार बढ़ रही परेशानी को लेकर लोगों में प्रशासन के प्रति आक्रोश गहराता जा रहा है।

