ख़बरेंचंदौली

चंदौली न्यूज : अवैध खनन पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पांच ट्रैक्टर और जेसीबी सीज, खनन माफियाओं में मचा हड़कंप

चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र में अवैध खनन और नियम विरुद्ध मिट्टी ढुलाई के खिलाफ पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच ट्रैक्टर और एक जेसीबी मशीन को सीज कर दिया। क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह के निर्देश पर पचपेड़वा और गंजख्वाजा इलाके में चलाए गए अभियान से अवैध खनन करने वालों में हड़कंप मच गया। प्रशासन ने साफ किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

 

पचपेड़वा गांव में मिट्टी की अवैध ढुलाई की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायत के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच किया। इस दौरान पांच ट्रैक्टर मिट्टी ढोते हुए पाए गए। पूछताछ में सामने आया कि संबंधित लोगों ने खेत समतलीकरण और निजी खेत निर्माण के नाम पर अनुमति ली थी, लेकिन अनुमति की शर्तों का उल्लंघन करते हुए मिट्टी को अन्य स्थानों तक पहुंचाया जा रहा था।

 

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार अनुमति केवल खेत निर्माण और समतलीकरण तक सीमित थी, जबकि संबंधित लोग व्यावसायिक तरीके से मिट्टी ढुलाई कर रहे थे। नियमों के उल्लंघन को गंभीर मानते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पांचों ट्रैक्टरों को सीज कर दिया।

 

इसी तरह गंजख्वाजा क्षेत्र में एक जेसीबी मशीन द्वारा मिट्टी की खुदाई कराई जा रही थी। जांच के दौरान पता चला कि खेत से मिट्टी निकालने की अनुमति तो ली गई थी, लेकिन उस मिट्टी को अनुमति के विपरीत निजी लॉन में डलवाया जा रहा था। इसे भी नियमों का उल्लंघन मानते हुए प्रशासन ने जेसीबी मशीन को सीज कर दिया और पूरे मामले की रिपोर्ट खनन विभाग को भेज दी गई है।

 

अलीनगर थाना प्रभारी घनश्याम शुक्ला ने बताया कि जिन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है, उन्होंने अनुमति की शर्तों का पालन नहीं किया। उन्होंने कहा कि अवैध खनन और नियम विरुद्ध मिट्टी ढुलाई के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी और किसी को नियम तोड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

 

Back to top button
error: Content is protected !!