
जौनपुर। मल्हनी विधानसभा सीट पर मंगलवार को हुए उप चुनाव में मतदाताओं ने पोलिंग बूथों तक पहुंचने में कोताही नहीं की। निर्धारित समय तक 57.8 फीसद मतदान हुआ। कुल तीन लाख 65 हजार 13 मतदाताओं में तकरीबन दो लाख 11 हजार ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। छह बजे मतदान समाप्त होने के बाद ईवीएम सील कर दी गई। चाौकिया नवीन मंडी समिति परिसर में बने स्ट्रांग रूम में जमा कराया गया।
उपचुनाव मतदान में कोविड नियमों का भी ध्यान रखा गया। बूथों पर दो-दो मीटर पर गोल घेरा बनाया गया था। मतदाताओं को बगैर मास्क केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जा रहा था। सुबह मतदाता थोड़े अलसाए रहे। दोपहर 12 बजे तक 20 फीसद मतदान रिकार्ड किया गया। लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया मतदान का प्रतिशत भी बढ़ता गया। आदमपुर बूथ पर भाजपा कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प की सूचना आई तो पांच बूथों पर देर से मतदान शुरू हुआ। अधिकारी बूथों पर चक्रमण करते रहे। नियमों में किसी भी तरह की ढील नहीं दी गई। छह बजे तक 57.8 फीसद मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर 16 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद कर दी। बाहुबली पूर्व सांसद धनंजय सिंह सहित, दिवंगत सपा नेता पारसनाथ यादव के पुत्र लकी यादव, भाजपा उम्मीदवार मनोज सिंह की साख दांव पर लगी है।