
चंदौली। जिला मुख्यालय के पॉलिटेक्निक कॉलेज में भागीदारी पार्टी(पी ) की ओर से सोमवार को कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री और सुभाषपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने भागीदारी पार्टी के कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने का संदेश दिया। साथ ही उन्होंने समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।
कहा कि अखिलेश यादव के PDA का फुल फॉर्म (पिटेगा अहीर और पिटेगा अल्पसंख्यक) है। इन लोगों से हम लोगों को सावधान रहने की जरूरत है। क्योंकि उनकी सरकार में केवल यादवों और मुसलमानो को लाभ मिलता है।
उन्होंने कहा कि भागीदारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रेमचंद प्रजापति ने अपने समाज के लोगों को एकजुट करने के लिए बहुत बड़ा संकल्प लिया है। क्योंकि यादव समाजवादी पार्टी का झंडा लेकर घूम रहा है, राजभर सुभाषपा के साथ है। ऐसे में समय आ गया है कि प्रजापति समाज के लोग भी अपने समाज का झंडा लेकर अपनी आवाज को बुलंद करें। क्योंकि आज तक सभी दलों ने प्रजापति समाज के साथ बहुत बड़ा छल किया है। उन्होंने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी सरकार में केवल सरकारी योजनाओं का बंदर बाट हुआ। यह बात अलग है कि जंतर मंतर पर सपा, कांग्रेस के लोग घुसकर युवाओं के आंदोलन को बिगाड़ना चाहते थे लेकिन सरकार ने युवाओं की बात को सुना और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा लिया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के लोग समाज में को बांटने का काम करते है। इसके अलावा कांग्रेस और बसपा की नीतियां भी दलितों पिछड़ों के लिए ठीक नहीं है। इन लोगों से भी हम लोगों को बचकर रहना है, अब हम सभी लोग एनडीए में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे और अपने समाज के लोगों को विधायक तथा सांसद बनाने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि इसके बाद बुंदेलखंड में होने वाली सभा के बाद समाजवादी पार्टी के लोगों के होश उड़ जाएंगे। क्योंकि हम लोगों ने एक मोर्चा बनाकर सपा के जनाधार को कम कर दिया है और सत्ता में लौटने का अखिलेश का सपना सपना ही रह जाएगा।

