ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: चंदौली में बीज की 42 दुकानों पर छापा, पांच बंद मिलने पर कारण बताओ नोटिस, 20 नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे

चंदौली। रबी फसलों की बुआई के मद्देनजर किसानों को गुणवत्तायुक्त बीज उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग ने मंगलवार को जिले में बीज बिक्री केंद्रों पर औचक छापेमारी की। जिला स्तरीय अधिकारियों की अलग-अलग टीमों ने कुल 42 दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान गेहूं, सरसों, चना और मटर के बीजों के 20 नमूने लिए गए। वहीं, पांच बीज एवं उर्वरक प्रतिष्ठान बंद मिलने पर संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी की गई।

 

कृषि विभाग की ओर से गठित टीमों ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में रैंडम आधार पर बीज बिक्री केंद्रों की जांच की। उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी तथा चकिया-नौगढ़ क्षेत्र के संबंधित अधिकारियों ने निरीक्षण अभियान में भाग लिया। विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य किसानों को गुणवत्तायुक्त बीज उपलब्ध कराना और बीज बिक्री में अनियमितताओं पर अंकुश लगाना है।

जांच में अधोमानक बीज मिलने पर होगी कार्रवाई

जांच के दौरान लिए गए बीज के सभी 20 नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। परीक्षण में बीज अधोमानक पाए जाने पर बीज अधिनियम, 1966 और बीज नियंत्रण आदेश, 1983 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

 

निरीक्षण के दौरान मेसर्स ईश्वर बीज भंडार, जनौली; मेसर्स उमरावती एग्री जंक्शन खाद बीज भंडार, कमालपुर; मेसर्स पंडित खाद एवं बीज भंडार, कमालपुर; मेसर्स खुशबू बीज भंडार, धानापुर और मेसर्स आदर्श कृषि विकास, धानापुर बंद मिले। इन प्रतिष्ठानों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।

 

स्टॉक और बिक्री रजिस्टर अपडेट रखने के निर्देश

जिला कृषि अधिकारी ने सभी बीज विक्रेताओं को स्टॉक रजिस्टर और बिक्री रजिस्टर नियमित रूप से अपडेट रखने के निर्देश दिए। साथ ही किसानों को बीज खरीदने पर कैश मेमो उपलब्ध कराने को कहा गया है। उन्होंने किसानों से रबी फसलों की बुआई के लिए केवल प्रमाणित बीज खरीदने की अपील की।

 

जिले में पर्याप्त है उर्वरक का भंडार

कृषि विभाग के अनुसार जिले में रबी फसलों की बुआई के लिए उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है। निजी और सहकारी बिक्री केंद्रों पर 17,031 मीट्रिक टन यूरिया, 8,461 मीट्रिक टन डीएपी और 3,337 मीट्रिक टन एनपीके उपलब्ध है। विभाग ने किसानों से फार्मर रजिस्ट्री और प्रमाणित खतौनी के साथ फसल की संस्तुत मात्रा के अनुसार ही उर्वरक खरीदने की अपील की है।

 

Back to top button
error: Content is protected !!